स्वार। बीच बाजार स्थित सर्राफ की दुकान का बदमाशों ने शटर काट डाला। बदमाश दुकान से लाखों के जेवरात समेट ले गए। जानकारी होते ही मौके पर व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान पुलिस से व्यापारियों की नोकझोंक भी हुई। डॉग स्क्वाड की निशानदेही पर पुलिस ने तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
बिलासपुर क्षेत्र में वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बार बदमाशों ने सर्राफ की दुकान को निशाना बनाया। पंजाबी कालोनी में रहने वाले विरेंद्र की तिरुपति ज्वैलर्स के नाम से इंदिरा मार्केट में दुकान है। शनिवार रात बदमाशों दुकान के चैनल के ताले तोड़ दिए। इसके बाद शटर काटकर अंदर घुस गए। बदमाश दुकान से लाखों के जेवरात समेट कर फरार हो गए। रविवार की सुबह जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष शमीम अहमद शमसी और कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित व्यापारियों की वरिष्ठ उपनिरीक्षक गिरीस प्रसाद राज से नोकझोंक भी हुई। व्यापारियों के तेवर देख कोतवाल अनिल पांडे ने डाग स्क्वाड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को मौके पर बुलवाया। डॉग स्क्वाड की निशानदेही पर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। दुकान स्वामी की गैर मौजूदगी में तहेरे भाई नंदकिशोर राठौर की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।