सैफनी। क्षेत्र में रामंगगा नदी पर करीब छह वर्ष से अधूरे पड़े पुल का निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। सेतु निगम के कई अधिकारियों और कर्मचारियाें ने मंगलवार को पूजा अर्चना एवं हवन अनुष्ठान का दोबारा निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
सेतु निगम के सहायक अभियंता आरके अग्रवाल ने बताया कि छह वर्ष से रुके पड़े इस पुल का निर्माण कार्य शासन से दिशा निर्देश मिलने के बाद दोबारा शुरू कर दिया गया है। पुल का निर्माण होने पर सैफनी क्षेत्र से जिला मुख्यालय रामपुर की दूरी भी घटकर आधी रह जाएगी। फिलहाल पुल के अभाव के चलते क्षेत्र के लोग शाहबाद और पटवाई होकर रामपुर पहुंचते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें लगभग सौ किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करनी पड़ती है। पुल की लंबाई करीब 510 मीटर प्रस्तावित है। रामगंगा नदी पर पुल निर्माण का कार्य शुरू होते ही क्षेत्र के लोगाें में हर्ष की लहर है। पूजा अर्चना के दौरान सेतु निगम के अवर अभियंता टीपी गुप्ता, ओमप्रकाश और रामकुमार आदि थे। बता दें कि 2005 में पुल का निर्माण शुरू होने के बाद 2007 में निर्माण रोक दिया गया था। इस पर क्षेत्रीय सांसद जयाप्रदा ने समर्थकों समेत वर्ष 2008 में धरना प्रदर्शन किया था। रुके हुए पुल के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों ने भी कई बार जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की थी।