मिलकखानम (रामपुर)। एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौता रहस्य नहीं उजागर हुआ। विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है।
क्षेत्र में एक ग्रामीण की नाबालिग पुत्री को गांव का ही युवक बहला फुसलाकर भगा ले गया था। मामला एक समुदाय का होने के कारण पंचायत ने थाने नहीं जाने दिया। दोनों परिवारों में पहले निकाह की भी सहमति बन गई, लेकिन बाद में तीन दिन बाद ही लड़की को तलाश कर उसके परिजनों को सौंप दिया। इसके दो दिन बाद ही लड़की की बृहस्पतिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार के लोगों ने पुलिस को बगैर सूचना दिए शव को दफना दिया। चौकीदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। एसपी उमेश कुमार सिंह के आदेश पर शनिवार को एसडीएम अरुण कुमार श्रीवास्तव व सीओ हीरा सिंह पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे और शव को कब्र से निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम केे लिए भेजा। इस दौरान एसओ अनिल कुमार पांडेय, प्रधान गुरबाज सिंह बग्गा, सहकारी समिति चेयरमैन अहमदजान भी मौजूद रहे।