मिलक (रामपुर)। भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग के महानायक समाजसेवी अन्ना हजारे ने एक बार फिर भ्रष्टाचार मिटाने को हुंकार भरी है। देशवासियों खासतौर से युवाओं से भ्रष्टाचार मुक्त देश के लिए जागने का आह्वान किया है। कहा है कि जन लोकपाल बिल आने पर ही देश को असली आजादी मिलेगी। देश सेवा के लिए युवाओं को जेल जाने से भी नहीं डरना चाहिए।
जनतंत्र यात्रा रथ के साथ नगर के शहनाई मंडप में पहुंचे समाजसेवी अन्ना हजारे ने जनसभा में कहा कि सरकार दो साल से जन लोकपाल बिल लटकाए हुए है। उसकी नीयत साफ नहीं है। हमारी मांग है कि चारों श्रेणी के अफसर जन लोेकपाल के दायरे में लाए जाएं। तब ही देश भ्रष्टाचार मुक्त होगा। वह देश को जगाने के लिए ही जनतंत्र यात्रा पर निकले हैं। विश्वास है कि देश की जनता जरूर जागेगी और उनके मरने से पहले जन लोकपाल बिल आएगा। उन्होंने कहा कि यदि देश की 120 करोड़ जनता जाग गई। तब सरकार का मुंह खुला रह जाएगा। कहा कि उनकी भ्रष्टाचार, महंगाई, शिक्षा व्यवस्था सुधारने की मुहिम देश के लिए है। यदि युवाओं को देश सेवा और देश के लिए जेल जाना पड़े, तो उसमें कोई हर्ज नहीं है। देशसेवा के लिए जेल जाने का प्रमाण पत्र सोना और चांदी से कीमती होता है। अब देश का युवा और देश भक्त जाग गया है। तो देश की तस्वीर जरूर बदलेगी।
अन्ना ने दागी प्रत्याशियों को वोट न देने का संकल्प दिलाया। कहा कि संसद में 163 दागी हैं। देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को जनता सीधे चुने। तब देश की किस्मत चमकेगी। देश के शहीदों को नहीं भूलें। उन्होंने ..ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी, जो शहीद हुए हैं उनकी जरा याद करो कुर्बानी.. देश भक्ति गीत भी गुनगुनाया। मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित किया। जनसभा को संतोष भारतीय ने भी संबोधित किया। अन्ना का यहां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। वंदेमातरम् केनारे भी गूंज उठे। सभा की अध्यक्षता शेर अली खां और हाजी छुट्टन मियां ने की। इस दौरान उनको सरोपा भेंट किया। सभा में कृष्ण कुमार शर्मा, सुनील शर्मा, मनीष शर्मा, इंजीनियर नलिन सिंह, विजय लक्ष्मी, नंद किशोर शर्मा, चौधरी पुष्पेंद्र सिंह, नक्षत्र पाल शर्मा, जीशान रजा खां, रईस मियां, सतवंत सिंह, जगकार सिंह, मोहम्मद असलम, नाजिम वारसी आदि थेे।