रामपुर। पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल प्रकरण में सूबे की प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। कहा कि यूपी सरकार महिलाओं का उत्पीड़न कर रही है। दुर्गा शक्ति पर कार्रवाई इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। यह कार्रवाई पूरी तरह दबाव में की गई है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तुलना एसडीएम स्तर के अफसर से किए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की।
कांग्रेस दफ्तर में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह एवं शहर अध्यक्ष मामून शाह के स्वागत के बाद पूर्व सांसद ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने दुर्गा शक्ति नागपाल पर की कार्रवाई को पूरी तरह गलत बताया। कहा कि दुर्गा नागपाल ईमानदार आईएएस अफसर हैं। दुर्गा को अपनी ईमानदारी का इनाम सूबे की सरकार ने दिया है। सूबे में महिलाओं का उत्पीड़न लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने नगर विकास मंत्री आजम खां द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को एसडीएम स्तर के होने की बयान पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत तरीके से चलाने के लिए संगठन को नया रूप दिया जा रहा है। 2014 में एक बार फिर केंद्र में यूपीए की सरकार बनेगी। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक संजय कपूर ने भी कांग्रेस की योजनाओं पर विस्तार से बताया। जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह ने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान चलाने की बात कही। इस मौके पर शहर अध्यक्ष मामून शाह, मुतीउर्रहमान खां, प्रमिल कुमार शर्मा निक्कू पंडित, नोमान खां, सिफत अली खां, महेंद्र यदुवंशी आदि मौजूद रहे।