रामपुर। सावन के अंतिम सोमवार को भगवान शिव के अभिषेक के लिए शिवालयों में भक्ताें का सैलाब उमड़ा। हजारों कांवड़ियों ने भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक किया। शिवालयों में पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने भजन-कीर्तन कर भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया।
सावन माह के अंतिम सोमवार की भोर होते ही रात से लाइन में लगे कांवड़ियों ने हर-हर महादेव का उद्गार करते हुए शिवलिंग का अभिषेक शुरू कर दिया। सुबह करीब नौ बजे तक शिवालयों में कांवड़ियों की भीड़ जुटी रही। अन्य शिवभक्तों की भीड़ दोपहर तक मंदिरों में लगी रही। भक्तों ने शहद, दूध, घी आदि से शिवलिंग का अभिषेक किया। भक्तों ने फल-फूल अर्पित किए। शिवालयों में पूरे दिन आस्था का मेला लगा रहा। दोपहर बाद शिवालयों में भजन-कीर्तन कर भक्तों ने भोले शंकर की महिमा का गुणगान किया। शिवालय हर-हर महादेव और बम भोले के उद्गार से गूंजते रहे। पंजाब नगर मंदिर, भमरौआ मंदिर, कोसी मंदिर, आवास विकास स्थित शिव मंदिर समेत सभी शिवालयों में पूरे दिन भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। भक्त श्री शिव चालीसा और महामृत्युंजय का पाठ करते नजर आए।