रामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने तीन घरों से करीब एक लाख का माल समेट लिया। चोर चौथे घर में घुसे ही थे कि जाग हो गई। घरवालों ने शोर मचाया तो चोर भाग गए। लेकिन भीड़ ने एक युवक को दबोच लिया। भीड़ ने उसे खंभे से बांधकर बुरी तरह पीटा। पुलिस को भी भीड़ का विरोध झेलना पड़ा। काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली क्षेत्र केमोहल्ला चाह इच्छाराम में चोरों ने तीन घरों को अपना निशाना बना लिया। चोर श्रीराम अग्रवाल के घर से जेवर समेत करीब एक लाख का माल समेटकर ले गए। चोरों ने पड़ोसी अशोक कुमार के घर से भी पांच हजार रुपये साफ कर दिए। चोरों ने शीशांक भारद्वाज घर से बाइक उठा ली। इसकेबाद चोर आलोक कुमार के घर में घुस गए। चोर सामान समेट ही रहे थे कि इतने में आलोक कुमार की पत्नी की आंख खुल गई। घर में आदमी घुसे देख उसने शोर मचा दिया। कुछ ही देर में पूरा घर जाग गया, जिस पर चोर दीवार फांदकर भागने लगे। इस बीच आस-पास के लोग भी घरों से बाहर आ गए। उन्होंने भाग रहे एक युवक को दबोच लिया। भीड़ ने उसे एक खंभे बांधकर पीटना शुरू कर दिया। इस बीच पुलिस को सूचना दे दी गई। काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर भीड़ का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने यह कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया कि पुलिस रात्रि गश्त नहीं करती है। सूचना देने पर भी पुलिस देर से आई है। लोगों का कहना था कि दो महीने में चोरी की दो दर्जन घटनाएं हो चुकी है। लेकिन, पुलिस अभी तक किसी भी घटना का खुलासा कर पाई है। काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस के आश्वासन पर लोग शांत हुए। पुलिस ने युवक को कब्जे में लेकर उससे पूछताछ की। भीड़ की मौजूदगी में युवक ने अपने तीन और साथियों का नाम पता बताया। इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने मौके से रिक्शा भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक चोर रिक्शा में चोरी का सामान ले जाते हैं। पुलिस ने श्रीराम अग्रवाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली, जिसमें गंज थाना क्षेत्र के काशीपुर निवासी नईम को नामजद किया है।