स्वार। रकम लेकर पशु तस्करी के आरोपी को छोड़ने के मामले में दो दरोगा सहित छह पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में दोषी ठहराए जाने के बाद एसपी साधना गोस्वामी ने निलंबन संबंधी आदेश जारी कर दिया।
गौरतलब है कि बुधवार को पुलिस ने मसवासी के बिजारखाते के पास पशुओं से भरा वाहन पकड़ा था। पुलिसकर्मियों ने पशुओं की बरामदगी दिखाकर आरोपियों को छोड़ दिया था। आरोप है कि इसको लेकर लेनदेन भी हुई थी। मामले उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के पास पुलिस ने लीपापोती की कोशिश की। एक निर्दोष व्यक्ति को इस आरोप में जेल भेजने की कोशिश की। इस मामले में एसपी साधना गोस्वामी ने एएसपी देवेश पांडे व सीओ स्वार हीरा सिंह को जांच सौंप दी। दोनों अधिकारियों अपनी जांच रिपोर्ट में पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों को सही ठहराया था। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी साधना गोस्वामी ने स्वार थाने में तैनात दरोगा रणवीर मलिक, जितेंद्र धामा, सिपाही कौशलेंद्र कुमार, सतीश कुमार, गौरव कुमार व मोहम्मद वारिस को निलंबित कर दिया है। एसपी साधना गोस्वामी ने बताया जांच रिपोर्ट के आधार पर छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।