रामपुर। बिजली विभाग ने बकाया वसूली के लिए अभियान चलाकर करीब 16 लाख से अधिक रुपये वसूले। इसके साथ ही बिल जमा न करने पर 63 बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए। विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे वसूली अभियान से बकाएदारों में हड़कंप मचा हुआ है। शनिवार को बिजली विभाग ने नगर क्षेत्र में बकाया वसूली अभियान चलाया। जिसमें सिविल लाइंस और अजीतपुर में छह लाख के 27 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए और करीब साढ़े सात लाख रुपये की वसूली की गई। एसडीओ द्वितीय अनिल कुमार ने बताया कि रजा इंटर कालेज, किला, डूंगरपुर में अभियान के तहत करीब सवा दो लाख के 18 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए और सवा तीन लाख रुपये की वसूली की गई। एसडीओ तृतीय मनोज कुमार ने बताया कि शाहबाद गेट, पहाड़ी गेट और सिटी में बिजली घर क्षेत्र में करीब साढ़े तीन लाख के 18 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए और करीब साढ़े पौने सात लाख रुपये की बकाया वसूली भी की गई।