टांडा (रामपुर)। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सियासी तीर भाजपा पर फिर बरसे। उन्होंने प्रदेश में हुए दंगों और बिगड़े हालातों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उपलब्धियों के मामले में जीरो यह पार्टी सांप्रदायिकता का खेल-खेल रही है। कांग्रेस पर कमजोर होने का आरोप लगाते हुए बोले: भाजपा का मुकाबला सिर्फ सपा ही रोक सकती है।
शनिवार को सपा प्रत्याशी नसीर खां के समर्थन में मुख्यमंत्री टांडा में हुई जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उनके भाषण का केद्र तो कैबिनेट मंत्री आजम खां पर लगा प्रतिबंध रहा। उसी के इर्द-गिर्द उनका ज्यादातार भाषण गूंजा लेकिन जो वक्त बचा उसमें उन्होंने भाजपा को निशाने पर रखा। जनता से सवाल पूछा: मुजफ्फरनगर से बनारस तक किसने गड़बड़ी पैदा की? झांसी में किसने माहौल खराब करने की कोशिश की? बनारस की रैली में भगवान की तस्वीर किसने लगाई? धार्मिक नारों को राजनीतिक कौन बना रहा है? जवाब भी खुद दिया। भाजपा सांप्रदायिकता का खेल रही है है इसे नाकाम सपा करेगी। मोदी के प्रचार अभियान पर भी हमला बोला। कहा: भाजपा हजारों करोड़ खर्च कर रही है। यह ट्रेंड लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। आजम खां का बचाव करते हुए सीएम सभा में दिखे। बोले: आज आजम खां मंच पर नहीं है, लेकिन उनका आशीर्वाद मेरे साथ हैं। विरोधी उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि साजिश विफल होगी। मुसलमानों का देश की तरक्की में उतना ही योगदान है, जितना किसी और का। कहा कि यह सच्चाई है कि मुसलमान सामाजिक रूप से पिछड़े हुए हैं। हम उनको तरक्की के रास्ते पर बढ़ाना चाहते हैं।