रामपुर। अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर महिलाओं ने जमकर खरीददारी की। सर्राफा बाजार में महंगाई बेअसर रही, साथ ही लोगों की शापिंग में गर्मी ने कुछ बाधा डालने की कोशिश जरूर की लेकिन शाम ढलते ही बाजार में फिर से रौनक लौट आयी। शुभफलदायी अक्षय तृतीया पर शहरवासियों ने नये कार्यों का प्रारंभ किया। इस शुभअवसर पर महिलाओं ने जमकर सोने, चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र, सोने व चांदी के सिक्के और नोट खरीदें। कई ग्राहकों ने सोने व चांदी की खरीद के लिए अक्षय तृतीया से एक दिन पहले ही बुकिंग कर दी थी। सर्राफा बाजार के दुकानदारों ने कई नये डिजाइन के हार, अंगूठी, झुमके आदि तैयार किये। दूसरी ओर पुरुष भी शपिंग करने में महिलाओं से कम नजर नहीं आये। पुरुषों ने नये मोबाईल, कारें, मोटरसाइकिल की खरीददारी की। वहीं, दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के डिस्काउंट और योजनाएं चलाई।