रामपुर। शौकत अली रोड स्थित थ्री एफएस मार्केट में महिला ने मंगलवार शाम खुद को आगे के हवाले कर दिया। महिला को आग की लपटों में घिरा देखकर आसपास के दुकानदार दौड़े। किसी तरह से आग बुझाकर जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर महिला को बरेली रेफर कर दिया गया। डाक्टरों के मुताबिक महिला 80 फीसदी तक जल चुकी है।
मंगलवार शाम थ्री एफएस मार्केट में जो घटित हुआ उसको देखकर लोग दहशत में आ गए। लगभग 28 साल की महिला स्कूटी से मार्केट पहुंची। वह एक दुकान पर गई। दुकानदार से उसकी कुछ बात हुई। उसके बाद उसने स्कूटी से केरोसिन से भरी बोतल निकालकर खुद पर डाल लिया और आग लगा ली। आग की लपटों में घिरने के बाद महिला चिल्लाने लगी। महिला की चीख सुनकर आसपास के दुकानदार दौड़े। उन्होंने कंबल डालकर आग बुझाई और महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महिला के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला को रेफर कर दिया। महिला के परिजन उसको बरेली के ईशान अस्पताल ले गए हैं। डाक्टरों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर है, वह 80 फीसदी से अधिक जल चुकी है। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर चल रही है। सीओ सिटी आले हसन खां का कहना है कि अभी तक किसी ने इस मामले में किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। मामला प्रेम संबंध से जुड़ा लग रहा है। महिला ने बयान नहीं दिया है। बयान के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।