रामपुर। सीआरपीएफ भर्ती की लिखित परीक्षा रविवार को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें दो परीक्षा केंद्र सीआरपीएफ कैंपस में होंगे, जबकि शेष जिले के अन्य स्कूल-कालेज में बनाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।
सीआरपीएफ में हवलदार (मिनिस्ट्रियल) पद पर भर्ती के लिए रविवार को लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा में 8736 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा रविवार को होनी है और इसी दिन कांवड़ियों का भी रेला सड़कों पर उमड़ेगा। इसक ो लेकर प्रशासन की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। भर्ती परीक्षा कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर होगी। दो सेंटर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर (केंद्रीय विद्यालय समेत) में बनाए गए हैं। नौ परीक्षा केंद्र शहर में बनाए गए हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से खासतौर से हाईवे को पांच जोन में बांट दिया गया है। साथ ही मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। नगर मजिस्ट्रेट राम सिंह को शहर की कानून व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी की गईं। शनिवार को डीएम सीपी त्रिपाठी व एसपी साधना गोस्वामी ने अफसरों संग परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए घंटों तक माथापच्ची की।