रामपुर। मौका तो शिक्षकों क ो सम्मानित करने का होगा, लेकिन इस बार का शिक्षक दिवस कुछ अलग होगा। इस दफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे बच्चों के साथ ही शिक्षकों से जुड़ेंगे। इस दिन उनका भाषण हर स्कूल में गूंजेगा। इसके लिए बकायदा आदेश जारी किया जा चुका है। आदेश मिलने के बाद स्कूलों में भाषण देखने और सुनने की व्यवस्था करने की कोशिश की जा रही है।
हर साल की तरह इस बार भी शिक्षक दिवस पांच सितंबर को मनाया जाएगा। इस बार शिक्षक दिवस कुछ अलग ही अंदाज में मनाया जाएगा। इस दफा शिक्षक दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बच्चों के साथ ही शिक्षकों को संबोधित करेंगे। इस भाषण का सीधे तौर पर टेलीविजन चैनलों के साथ ही इंटरनेट भी देखा जा सकेगा। करीब 45 मिनट के इस भाषण के दौरान इंटरनेट की साइटों पर मोदी का भाषण लाइव देखा जा सकेगा। इसको लेकर केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने प्रदेश सरकार को आदेश जारी किया था, जिसके बाद माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा विभाग के साथ ही सीबीएसई से जुड़े सभी स्कूल कालेज में मोदी का भाषण दिखाने की व्यवस्था करने के आदेश जारी किए हैं। सभी स्कूल कालेज को बीएसए, जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ ही सीबीएसई की ओर से स्कूल कालेज को आदेश जारी करते हुए टीवी व प्रोजेक्टर की व्यवस्था करने के साथ ही जहां संभव हो इंटरनेट की सुविधा देने को कहा है। आदेश मिलने के बाद सीबीएसई स्कूलों ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के दयावती मोदी अकादमी, व्हाइट हाल पब्लिक पब्लिक स्कूल, सेंटमेरीज सीनियर सेकेंडरी व सेंट पाल्स सीनियर सेंकेडरी स्कूल में मोदी के भाषण को दिखाने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि यूपी बोर्ड से जुड़े कालेज में सुर्कलर तो जारी किया गया है, लेकिन तमाम कालेज में अभी तैयारियां ही शुरू नहीं हो पाई हैं।