हालांकि सोमवार को जल स्तर में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बरसात से गुन्नौर तहसील क्षेत्र के सात हाई रिस्क गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिलाधिकारी ने गुन्नौर तहसील क्षेत्र में मंगलवार को बैठक करके राहत प्लान तैयार किया।
नरौरा बांध (बुलंदशहर) के अनुसार गंगा में मौजूदा समय में 1,35,839 क्यूसेक पानी बह रहा है। इसके बाद पूरे दिन पानी का जल स्तर एक जैसा ही रहा है लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बरसात से पानी का जल स्तर बढ़ाने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है। जिलाधिकारी एनके सिंह चौहान ने गुन्नौर तहसील कार्यालय में मंगलवार को उप जिलाधिकारी कृपाशंकर यादव, तहसीलदार व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें बाढ़ की आशंका जताते हुए पूरी तरह से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। स्थिति बिगड़ने पर मेरठ और बरेली से सेना भी बुलाई जा सकती है। एसडीएम व तहसीलदार को सतर्क रहने, लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ योजना तैयार कर ली गई है। जिसके तहत अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां भी लगा दी गई हैं।