लकड़ी मंडी रोड पर अवैध कब्जों का चिन्हीकरण
स्टेशन रोड और टाउनहाल के पुराने रेलवे ओवरब्रिज के आसपास के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद प्रशासन ने लकड़ी मंडी में अवैध कब्जों पर अपना ध्यान केंद्रित कर दिया है। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रशासन और नगरपालिका परिषद के अधिकारियों की टीम ने बृहस्पतिवार को लकड़ी मंडी रोड पर भ्रमण करके अवैध कब्जे चिन्हित कराने के साथ वहां लाल निशान लगवा दिए। स्टेशन रोड पर आए दिन लगने वाले जाम को देखते रोडवेज स्टेशान से लेकर रेलवे स्टेशन तक गत माह करीब दो सप्ताह तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चला। इस दौरान अभियान के घेरे में आए दुर्गा होटल और एक अस्पताल द्वारा फुटपाथ पर किए गए पक्के निर्माण ध्वस्त करा दिए गए। अफसरों की सख्ती का असर यह पड़ा कि ओवरब्रिज से लेकर टाउनहाल तिराहे तक नजूल की जमीनों पर काबिज तमाम लोगों ने स्वत: अपने कब्जे हटा लिए। हालांकि, दुर्गा होटल से लेकर टाउनहाल तिराहे तक कई अवैध कब्जे अभी हटाए जाने शेष हैं, लेकिन इसी बीच प्रशासन को लकड़ी मंडी रोड घेरकर उस पर कब्जा कर लिए जाने की शिकायतें मिलीं। सिटी मजिस्ट्रेट ने घंटाघर से लेकर गल्ला मंडी तक रोड भ्रमण करके कई जगह न सिर्फ फुटपाथ बल्कि रोड पर लकड़ी के लट्ठे पड़े पाए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट जय प्रकाश ने रोड की आधी लंबाई में अतिक्रमण चिन्हित कर वहां लाल निशान लगवा दिए। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के अनुसार लकड़ी मंडी रोड पर अवैध कब्जों के चिन्हींकरण का काम शुक्रवार को भी जारी रहेगा। इसके बावजूद लाल निशान वाले अतिक्रमण स्वेच्छा से नहीं हटाए जाने पर उन्हें जेसीबी से ध्वस्त करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि लकड़ी मंडी रोड के अतिरिक्त सिविल लाइंस साउथ में दुर्गा होटल के पास शेष बचे अवैध कब्जों को भी जल्द साफ करा दिया जाएगा।