शामली। पिछले दो माह से शामली स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को वेतन नहीं मिला है। इससे गुस्साए कर्मचारियों ने मंगलवार को सीएमओ ऑफिस पर हंगामा करते हुए तालाबंदी कर दी। दोपहर बाद पहुंचीं सीएमओ से तनख्वाह मांगी। सीएमओ ने बाबू को जल्द तनख्वाह देने के आदेश दिए हैं।
जिले के स्वास्थ्य कर्मियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है। मंगलवार को कर्मचारियों ने सुबह सीएमओ ऑफिस पर हंगामा कर दिया। उन्होंने लेखा विभाग और सीएमओ ऑफिस पर तालाबंदी कर दी। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने जमकर हंगामा किया। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बाबुओं से मिलते हैं तो बाबू सीएमओ का नाम लेते हैं सीएमओ मैडम से मिलते हैं तो वह बाबू का नाम लेती हैं। दोपहर बाद सीएमओ विनीता अग्निहोत्री ऑफिस पर पहुंचीं तो स्वास्थ्य कर्मियों ने उनके सामने हंगामा किया।
सीएमओ ने बाबू की लापरवाही बताई और बाबू को बुलवाकर जल्द तनख्वाह निकालने के आदेश दिए। इस दौरान डॉ. जगमोहन, डॉ. आरके ढाका, डॉ. दीपक, डॉ. नवनीत बंसल, डॉ. रामनिवास आदि मौजूद रहे। वहीं, जिस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों और डॉक्टरों ने हंगामा किया। उस दौरान ओपीडी चल रही थी। दर्जनों लोग अस्पताल में अपना इलाज कराने आए थे, लेकिन डॉक्टरों के हंगामे के चलते अस्पताल में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा और अस्पताल में मरीजों की भीड़ लग गई।