दुकान में लगी आग को बुझाते दमकल विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में भैंसवाल रोड मंडी में बारदाना व्यापारी के गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। गोदाम में आग के कारण कई लाख रुपये कीमत का बारदाना नष्ट हो गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
शहर के रेलवे रोड निवासी अजय तायल की बारदानें के दुकान है। वहीं भैंसवाल रोड नवीन मंडी में किराए पर गोदाम ले रखा है। रविवार सुबह करीब चार बजे गोदाम से आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। गोदाम में लगी भीषण आग देखकर मंडी में पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना पर अग्निशमन विभाग गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास प्रारंभ कर दिया, लेकिन आग बढ़ती चली गई, जिसके चलते कैराना से भी गाड़ी शामली बुलवा ली गई। चार गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। जिसके बाद अग्निशमन विभाग की गाड़ियां लौट गई। व्यापारी के लोगों ने वहां लगे बोरो के ढेरों को हटाना प्रारंभ कर दिया। दोपहर बाद फिर अंदर ही अंदर सुलग रही आग ने जोर पकड़ लिया और लपटें उठनी प्रारंभ हो गई। दोबारा फिर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची ओर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। शाम तक आग बुझाने का काम जारी था। उधर, गोदाम में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया हैं।
व्यापारी हुए परेशान
भैंसवाल रोड स्थित मंडी में बारदानें के गोदाम में सुबह लगी आग शाम तक सुलगती रही। जब आग भीषण रूप ले रही थी, तो आसपास के व्यापारी भी परेशान हो गए। मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। इसके चलते आसपास के दुकान भी अपने गोदामों को सुरक्षित करने के प्रयास में जुट गए थे।