शामली। जिला मुख्यालय के भैंसवाल से दिल्ली-यमुनोत्री फोरलेन को जोड़ने वाले मिनी बाईपास की जिला प्रशासन ने सीमेंट की ईंट खेतों में लगाकर निशानदेही कर दी। अब किसानों की भूमि को खरीद के लिए एग्रीमेंट की कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी।
मिनी बाईपास के लिए 16.34 करोड़ की कुल स्वीकृति में छह करोड़ किसानों की भूमि खरीद का मुआवजा शामिल है। उत्तर प्रदेश शासन ने मिनी बाईपास की चार करोड़ 21 लाख की प्रथम किश्त जारी कर दी थी। लोक निर्माण विभाग 15 दिन पूर्व मिनी बाईपास के निर्माण कराने के लिए बागपत की एक प्राइवेट कंपनी को टेंडर दे चुकी है।
दो दिन पूर्व लोकनिर्माण विभाग राजस्व विभाग के अफसरों ने बाईपास के लिए 17 मीटर भूमि की निशानदेही का काम भैंसवाल गांव से शुरू किया। भैंसवाल गांव कि किसानों की भूमि का चिंह्निकरण करते हुए सीमेंट की ईंटों के पिलर्स लगा दिए हैं।
अफसरों का कहना कि मिनी बाईपास के लिए 17 मीटर भूमि की निशानदेही की जाएगी। जिसमें सात मीटर मिनी बाईपास के रूप में भूमि उपयोग में ली जाएगी। दोनों पटरी तैयार की जाएगी। योजना आयोग के सदस्य डॉ. सुधीर पंवार ने बताया कि मिनी बाईपास के निशानदेही के बाद जल्द किसानो की भूमि के मुआवजे के लिए आपसी सहमति के बाद एग्रीमेंट की कार्रवाई शुरू कर देगा।