खुनियांव। इटवा थानाक्षेत्र के सेंदुरी चौराहा के निकट बांसी से आ रही एक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे पिता-पुत्र और एक भैंस को भी ठोकर मार दी। घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि भैंस की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायलों को इटवा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लावारिस हालत में खड़ी गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार बेनीपुर उर्फ पुरैना निवासी फोटू अपने बेटे रविंद्र के साथ भैंस बेचने चमनगंज गया। वहां भैंस न बिकने पर वह वापस लौट रहा था। सेंदुरी चौराहा के निकट अचानक पीछे से आ रही नीले रंग की एक लक्जरी गाड़ी ने तीनों को टक्कर मार दी। भैंस की मौत हो गई। वह गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। इसके बाद चालक वहां से भाग निकला। इस संबंध में एसओ नागेंद्र राम त्रिपाठी ने बताया कि गाड़ी पुलिस के कब्जे में है। पीड़ित परिवार की तरफ से तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।