डुमरियागंज। गुरुवार की सुबह कोचिंग जा रहे एक ही परिवार के चार छात्र एक तेज रफ्तार से गुजर रही जीप की चपेट में आ गए। इस हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ जा रहे तीन अन्य को भी गंभीर चोटें आईं हैं। उन्हें टाउन स्थित न्यू पीएचसी में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर देखकर डाक्टर ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जीप को अपने कब्जे में ले लिया। चालक फरार हो गया था।
डुमरियागंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच के सुरेश अग्रहरि का सबसे बड़ा बेटा अर्पित अग्रहरि (20 वर्ष) और बहन रिया (14 वर्ष) और छोटे भाई आयुष (12 वर्ष) के साथ ही कोचिंग के लिए जा रहा था। इनके साथ चचेरी बहन अंजलि (13 वर्ष) भी थी। अभी चारों टाउन स्थित ब्लाक मुख्यालय के गेट के सामने ही पहुंचे थे, तभी बस्ती की तरफ से आ रही जीप की चपेट में वे आ गए। इसमें सबसे आगे चल रहे अर्पित की तत्काल मौत हो गई। साथ चल रहे आयुष का पैर टूट गया। अंजलि के सिर में गंभीर चोट लगी। वह मौके पर ही बेहोश हो गई। रिया का भी दाहिना हाथ टूट गया। गंभीर रूप से घायल तीनों बच्चों को वहां मौजूद लोगों ने न्यू पीएचसी पर पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान तीनों की गंभीर हालत देख डॉ. मुस्तकीम अंसारी ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। इस संबध में डुमरियागंज कोतवाल एसएन सिंह ने बताया घरवालों की तहरीर पर अज्ञात जीप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जीप को कब्जे में ले लिया गया है।