सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता सूची में शामिल कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। समग्र ग्रामों में विभिन्न विभागों के तरफ से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित किया जाए। उक्त बातें विकास भवन सभागार में गुरूवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम एसपी मिश्र ने कहीं।
डॉ राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना के तहत चयनित ग्रामों में विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि जहां भी खामियां नजर आएं या समस्या दिखे हमें सूचित करें। इस दौरान इन गांवों में सड़क निर्माण, शौचालय निर्माण, आवास निर्माण, प्राथमिक शिक्षा, विद्युतिकरण, बाल विकास विभाग व समाज कल्याण विभाग से संचालित वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन आदि जनकल्याणकारी योजनाएं की एक-एक कर समीक्षा की गई। बैठक में सीडीओ अखिलेश तिवारी, डीपीओ अजय कुमार त्रिपाठी, समाज कल्याण, अल्पसयंख्यक कल्याण आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।