सिद्धार्थनगर। खेसरहा विकास खंड के एक ग्रामसभा में स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में प्रेरक की नियुक्ति को लेकर बीएसए कार्यालय पर जमकर हंगामा हुआ। बांसी से सपा के पूर्व विधायक ने एसडीआई खेसरहा समेत विभागीय अधिकारियों व संबंधित ग्राम प्रधान व प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मौजूद कर्मियों को भी जमकर खरी-खोटी सुनाई।
सपा सामाजिक न्याय रथ यात्रा में शामिल होने के बाद सपा के पूर्व विधायक लालजी यादव ने खेसरहा विकास खंड के ग्राम छितौनी में प्राथमिक विद्यालय में प्रेरक की तैनाती को लेकर बीएसए कार्यालय पहुंचकर मौजूद लोगों समेत एसडीआई खेसरहा व विभागीय अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर खरी-खोटी सुनाई। उनका कहना था कि प्रेरक की नियुक्ति में यहां के ग्राम प्रधान व प्रधानाध्यापक ने पात्र को दरकिनार करके अपात्र का चयन किया है। उन्होंने पात्र युवक के आवेदन में शामिल निवास प्रमाण पत्र को निकाले जाने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि इस संबंध में वार्ता करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी से वार्ता नहीं हो पाई। उनका कहना था कि कोई हंगामा नहीं हुआ है, हमने उक्त शिकायत को लेकर बीएसए कार्यालय पहुंचकर संबंधित कर्मियों को डांटा है। जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि पूर्व विधायक ने मौजूद लोगों को जमकर खरी-खोटी सुनाई है। उधर पूर्व विधायक लालजी यादव का कहना है कि हम डीएम से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे। इस संबंध में बीएसए से वार्ता का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। बता दें कि वर्तमान बीएसए के लगभग चार माह के कार्यकाल में कई विवाद सामने आए हैं।