सिद्धार्थनगर। ठंड के मौसम में रसोई गर्म करने के लिए दर-दर भटक रहे उपभोक्ताओं की मुश्किल जल्द ही कम हो सकती है। प्रशासन ने इनकी दिक्कतों को अमर उजाला द्वारा प्रमुखता से उठाने पर गंभीर रूख अपनाया है। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए जल्द ही प्रशासन एजेंसी धारकों की बैठक लेने की तैयारी में है। इसका एजेंडा कालाबाजारी पर अंकुश लगाकर उपभोक्ताओं तक सिलिंडर की आपूर्ति सुनिश्चित कराना होगा।
यह बैठक इस हफ्ते या फिर अगले हफ्ते की शुरुआत में हो सकती है। इसके लिए एसडीएम सदर भवानी सिंह खंगरौत ने जिला आपूर्ति अधिकारी प्रेम कुमार त्रिवेदी को निर्देशित किया है। योजना है कि पूरे जिले में कनेक्शनधारकों की जानकारी को फिर से टटोला जाएगा। ताकी वास्तविक उपभोक्ताओं के बीच कालाबाजारियों को चिह्नित किया जा सके। कई कनेक्शन फर्जी होने की उम्मीद प्रशासन को है। प्रशासन ऐसे कनेक्शन चिह्नित करके कालाबाजारी करने वालों दबोचने की तैयारी में है। गैस की किल्लत को लेकर प्रशासन जहां मांग के सापेक्ष कम आपूर्ति दी जा रही है, उन जगहों को भी चिह्नित करेगा। इसके पीछे मंशा यहां हो रही उपभोक्ताओं की सांसत सुलझाने की है। साथ ही बैठक में विभिन्न स्थानों पर सिलिंडर आपूर्ति के शेड्यूल को भी फिर से परखा जाएगा। शेड्यूल का कहां पालन हो रहा है और कहां इसकी अनदेखी की जा रही है, इसका पता लगाकर आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
होम डिलिवरी सुविधा फिर बहाल कराने पर जोर
प्रशासन उपभोक्ताओं की दिक्कतों को देखते हुए होम डिलिवरी की सुविधा को फिर से बहाल करने की कोशिश में है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों की ओर से भी प्रशासन को निर्देश मिला है। बैठक में यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किन-किन एजेंसियों पर यह सुविधा दी जा रही है और कहां-कहां इसका पालन नहीं हो रहा। यह सुविधा सही ढंग से संचालित हो, इसके लिए प्रशासन अब सख्ती के मूड में है।
---
वर्जन-
गैस सिलिंडर की मांग के सापेक्ष जिले को कम आपूर्ति मिल रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सांसत उठानी पड़ रही है। उनकी दिक्कतें कम की जा सकें, इसके लिए प्रशासन जल्द ही एजेंसी धारकों समेत विभाग के अधिकारियों की बैठक लेने जा रहा है। इसमें कालाबाजारी रोकने समेत होम डिलिवरी सुविधा सुचारू कराने की योजना बनाई जाएगी।
भवानी सिंह खंगरौत, एसडीएम सदर