सिद्धार्थनगर। एचआईवी एड्स विषय पर उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन विकास भवन सभागार में सोमवार को आयोजित हुई। कार्यशाला की अध्यक्षता एसडीएम भवानी सिंह खंगरौत ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए भवानी सिंह ने कहा कि एचआईवी एक ऐसा वायरस है, जो मानव के शरीर में पाया जाता है। यह मनुष्य की प्रतिरोधक क्षमता को धीरे-धीरे कम कर देती है। इससे व्यक्ति शारीरिक रूप से कमजोर हो जाता है। साथ ही उसके अंदर प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह से खत्म हो जाती है। इसके बाद एक ऐसा स्टेज आता है कि व्यक्ति की मौत हो जाती है। ऐसे में इससे बचा जा सकता है। बचाव का एक ही रास्ता है वह है जागरूकता। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि इसकी कार्यशाला जिले स्तर के साथ साथ ब्लाक स्तर पर भी होनी चाहिए। इससे लोग जागरूक होंगे। साथ ही पुलिस कर्मियों से भी अपील की वह लोग भी अपने स्तर से लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। नोडल अधिकारी अंजली दत्ता ने प्रोजेक्टर के माध्यम से एचआईवी से बचाव के विभिन्न जानकारियां लोगों को दी। साथ ही यह भी कहा कि हर मां को गर्भधारण करने के बाद ही एचआईवी की जांच जरूर करानी चाहिए। सीएमओ डॉ. यतींद्र कुमार ने कहा कि एचआईवी की अभी तक कोई दवा नहीं बनी है। ऐसे में लोगों को इसके प्रति जागरूक करना होगा। तभी यह रुकेगा। कार्यशाला में सीओ राम केवल सरोज, कौशलेंद्र मिश्रा, राजीव मिश्रा, मनोज कुमार, बलराम मिश्र, मोहम्मद अरशद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।