कपिलवस्तु। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु ने एमएससी (कृषि) के विभिन्न पाठ्यक्रमों, एलएलबी षष्ठम सेमेस्टर तथा बीपीएड द्वितीय वर्ष परीक्षा 2025-26 का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया।
परीक्षा नियंत्रक दीनानाथ यादव ने बताया कि कुलपति के आदेशानुसार, सीबीसीएस प्रणाली के अंतर्गत संचालित एमएससी (कृषि) हॉर्टिकल्चर, एग्रीकल्चर एक्सटेंशन, एग्रोनॉमी, एलएलबी षष्ठम सेमेस्टर एवं बीपीएड द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम पांच जून को जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम महाविद्यालयों और छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन भरे गए परीक्षा प्रपत्रों में उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर तैयार किया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा परीक्षा प्रपत्र में गलत अथवा भ्रामक जानकारी दिए जाने की पुष्टि होती है तो उसका परीक्षा परिणाम निरस्त किया जा सकता है। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (एबीसी आईडी) में पंजीकरण नहीं कराया है, उनका परिणाम फिलहाल प्रदर्शित नहीं किया गया है। ऐसे विद्यार्थी एबीसी आईडी में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपना परीक्षा परिणाम प्राप्त कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है, जहां छात्र-छात्राएं अपना परिणाम देख सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक दीनानाथ यादव ने परीक्षा में सफल सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।