तम्बौर। मंगलवार की सुबह बालू से लदी बैलगाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान बालू के नीचे दबकर एक पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी।
ननहुई निवासी जंगी घर बनवाने के लिए गांव के निकट से होकर निकली शारदा नदी से बालू लेने गया था। बताते हैं कि जंगी आज सुबह नौ बजे बैलगाड़ी से बालू लेकर घर पहुंच गया। वह बैलगाड़ी घर के सामने खड़ी कर रहा था। तभी वह अनियंत्रित होकर पलट गई। पास ही में खेल रहा जंगी का पांच वर्षीय बेटा संजय बालू के ढेर के नीचे दब गया। ग्रामीण बैलगाड़ी को हटाकर बालू हटाने लगे। जब तक संजय को बाहर निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बच्चे की अन्त्येष्टि कर दी।