सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र के सहरोई गांव में मंगलवार रात चोरों ने धावा बोला। बदमाशों ने एक ही परिवार के दो घरों से ढाई लाख रुपये की नकदी, जेवरात, सोने-चांदी के बर्तन समेत करीब 30 लाख रुपये से अधिक का माल पार कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी बुलाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
सहरोई गांव निवासी संजय कुमार सिंह व कौशलेंद्र सिंह जमींदार घराने से ताल्लुक रखते हैं। मंगलवार रात बदमाश इनके घरों में घुस गए। चोर संजय के घर से दो लाख रुपये की नकदी, डेढ़ किलो चांदी के पायल, 12 जोड़ी सोने के झुमके, आठ अंगूठी, दो किलो चांदी के चार थाल, चांदी का पानदान, चांदी से बना चश्मा केस सहित लगभग बीस लाख रुपये का माल ले उड़े। इसके बाद बदमाश संजय के पड़ोस में रहने वाले पट्टीदार कौशलेंद्र के यहां घुस गए। यहां से बदमाशों ने अस्सी 80 हजार रुपये की नकदी, एक किलो चांदी का करवा, कैमरा, कई हार, कीमती घड़ियां समेत करीब दस लाख रुपये का माल पार कर दिया। सुबह जब घर के नौकर ने सभी दरवाजे खुले पाए तो उसने परिजनों को इसकी सूचना दी। घर के लोगों ने कमरों के अंदर झांका तो सभी अवाक रह गए। सामान बिखरा पड़ा था और कीमती सामान नदारद था। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। खबर पाकर एएसपी बालेंदु भूषण सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार चौरसिया मौके पर पहुंच गए। जांच के लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी बुलाए गए। डॉग स्क्वॉयड टीम ने भी खोजबीन की। फिलहाल अभी कोई सुराग नहीं मिल सका है। एसओ रामकोट दीपक शुक्ला का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फर्श ने रोकी चोरों की सेंधमारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार रात बदमाशों ने सहरोई गांव निवासी संजय के यहां पहले सेंधमारी करने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम हो गए। चोरों ने घर के पीछे स्थित दीवार की कई ईंटें हटा दी थीं, लेकिन दीवार के आगे जब उसमें फर्श निकली तो सेंध नहीं लगाई। इसके बाद चोर किसी जुगत से घर के अंदर प्रवेश कर गए।
पीतल समझ कर चोर छोड़ गए सोने का चश्मा
चोर संजय व कौशलेंद्र के घर से नकदी व जेवरात समेत लगभग तीस लाख का माल ले उड़े। इस दौरान बदमाश बेशकीमती सोने का चश्मा छोड़ गए। परिजनों के मुताबिक संजय के यहां से बदमाश चांदी से बना चश्मे का केस तो उठा ले गए लेकिन अंदर रखा सोने का चश्मा पीतल समझ वहीं छोड़ गए। यह चश्मा काफी पुराना व कीमती बताया जा रहा है।