सीतापुर। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत अब मल्टी परपज वर्कर (एमपीडब्लू) साक्षात्कार के आधार पर नहीं चयनित होंगे। एनआरएचएम के मिशन निदेशक ने एमपीडब्लू की चयन प्रक्रिया के लिए नए आदेश जारी कर दिए हैं। नई प्रक्रिया में साक्षात्कार को हटाकर शैक्षिक योग्यता की मेरिट को आधार बनाया गया है। मेरिट में प्रथम श्रेणी में हाईस्कूल व इंटर पास करने वाले आवेदनकर्ताओं को शमिल किया जाएगा। द्वितीय व तृतीय श्रेणी में पास होने वाले आवेदनकर्ताओं को विभाग अलग कर देगा। नई गाइड लाइन मिलने के बाद विभाग प्रथम श्रेणी में पास आवेदनकर्ताओं के फार्म की छंटनी करने में जुट गया है। जनपद में एनआरएचएम के तहत 189 पदों पर संविदा पर एमपीडब्लू के पदों पर भर्ती करने की स्वीकृति शासन से मिली थी। एमपीडब्लू का मुख्य कार्य संक्रामक रोगों की रोकथाम करने में लिया जाता है। यह कर्मी रक्त की स्लाइड, गांव में फैलने वाले संक्रामक रोगों की सूचनाएं विभाग को देते हैं। इसके अलावा विभाग उनसे अन्य कार्य भी ले सकता है। विज्ञापन प्रकाशित होने के बाद विभाग को लगभग 9 हजार आवेदन मिले थे। इन आवेदनों में कला व विज्ञान वर्ग के अभ्यर्थियों के आवेदन शामिल थे। विज्ञापन को संशोधित कर सिर्फ विज्ञान वर्ग के अभ्यर्थियों को चयनित करने के लिए 30 सितंबर से साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू की गई। 11 अक्तूबर तक लगभग चार हजार आवेदनकर्ताओं का साक्षात्कार लिया गया।
प्रदेश में चयन प्रक्रिया में धांधली के मामले प्रकाश में आने पर सभी भर्तियों पर रोक लगा दी गई थी। इसमें एमपीडब्लू की चयन प्रक्रिया शामिल थी। दो दिन पूर्व मिशन निदेशक ने एमपीडब्लू की चयन प्रक्रिया के लिए नई गाइड लाइन जिले को उपलब्ध करा दी है। इसमें कहा गया कि हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में प्रथम श्रेणी में पास होने वाले अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार की जाय। इसमें हाईस्कूल व इंटर के प्राप्तांकों का प्रतिशत निकालकर उनका योग किया जाएगा। इसमें दो से भाग देकर मेरिट तैयार की जाएगी। इसके बाद मेरिट में चयन का आधार घटते क्रम में रहेगा। इसके अलावा आशीर्वाद योजना के रुके हुए साक्षात्कार 10 दिसंबर से शुरु हो रहे हैं। एनआरएचएम के तहत हुए एएनएम व स्टाफ नर्स के हुए साक्षात्कार के लिए चयन की नई गाइड लाइन आनी शेष है।