सीतापुर। ठीक ग्यारह माह आठ दिन पूर्व पेशी से लौटते समय चाय में सिपाहियों को बेहोशी देकर अपराधी सतीश उर्फ कालिया को अभिरक्षा से भागने में मदद करने वाले उसके एक करीबी को मंगलवार जीआरपी ने दबोच लिया। सीतापुर जीआरपी एसओ रोशन लाल ने बताया कि मछरेहटा क्षेत्र के पेरिया कोड़र गांव निवासी अपराधी सतीश मिश्रा उर्फ कालिया 31 जनवरी 12 को सीतापुर जेल से बाराबंकी पेशी पर ले जाया गया था। वापस आते समय उसके एक सहयोगी ने लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर सिपाहियों को चाय में बेहोशी की दवा पिला दी थी। इसके बाद अभिरक्षा में लगे सिपाही बेहोश हो गए थे। कालिया व उसकी मदद करने वाले भाग निकले थे।
इस सिलसिले में लखीमपुर जीआरपी थाने में सतीश कालिया, उसके अज्ञात ताऊ व आरक्षी संतोष कुमार, उत्तम चतुर्वेदी निवासी नकरहा निघासन खीरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बाद में यह केस सीतापुर जीआरपी को ट्रांसफर किया गया था। एसओ ने बताया कि सूचना पर सोमवार की रात छोटी लाइन रेलवे स्टेशन से कालिया को भागने में मदद करने वाले आरोपी उमाकांत मिश्रा निवासी गोपी जलालपुर थाना पिहानी हरदोई को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि इसने ही कालिया का ताऊ बनकर सिपाहियों को बेहोश किया था।