सीतापुर। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह के नेतृत्व में गठित डिप्टी सीएमओ की टीम ने शनिवार को झोलाछाप के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान तीन नर्सिंग होम की भी जांच की गई। दो झोलाछाप के खिलाफ केस दर्ज कराने के आदेश प्रभारी चिकित्साधिकारी ऐलिया को दिये गये हैं।
शनिवार को जांच टीम में शामिल डिप्टी सीएमओ डॉ. बीसी पंत, डॉ. डीके चौधरी डॉ. वीपी श्रीवास्तव, डॉ. बीके वर्मा ने ऐलिया क्षेत्र के कचनार में छापा मारा। यहां पराग सिंह यादव रोगियों का परीक्षण करते मिले। टीम को देख वह मौके से भाग गये। यहां डॉ. श्यामल कुमार की क्लीनिक की जांच की गई। वह टीम को मौके पर अपनी मेडिकल की डिग्री नहीं दिखा सके। दोस्तपुर गांव में तीरथराम जायसवाल भी प्रैक्टिस करते मिले। उनके पास कोई डिग्री नहीं थी। मुशीगंज में डॉ. कमल किशोर भी टीम को मौके पर किसी प्रकार की मेडिकल की डिग्री नहीं दिखा सके। डिप्टी सीएमओ डॉ. बीसी पंत ने झोलाछाप पराग सिंह व तीरथराम के खिलाफ केस दर्ज कराने के आदेश ऐलिया स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी को दिया है। मेडिकल की डिग्री न दिखा पाने वाले चिकित्सकों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा गया है। इसके बाद टीम ने शहर के एटलस नर्सिंग होम, सक्षम नर्सिंग होम, सेठी नर्सिंग होम में छापा मारा। किसी भी नर्सिंग होम में प्रशिक्षित स्टाफ नर्स व पैरामेडिकल कर्मी नहीं पाये गये। सभी को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा गया है।