सीतापुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मारपीट की घटनाओं में पांच लोग जख्मी हो गये। कमलापुर इलाके में सड़क निर्माण रोकने को लेकर हुए विवाद में जमकर लाठियां चलीं, जिसमें दो भाई जख्मी हो गए। वहीं लहरपुर कोतवाली इलाके में इंदिरा आवास के निर्माण को लेकर दो सगे भाइयों में मारपीट हुई। इस दौरान धारदार हथियार लगने से एक पक्ष से तीन लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कमलापुर के ग्राम शाहपुर में आरसीसी सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। शुक्रवार शाम गांव के शिवनंदन, शिवपाल, सोनू व संदीप ने अपने घर के सामने सड़क निर्माण का विरोध किया। इस पर पड़ोसी सुशील कुमार ने आपत्ति की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। मारपीट में सुशील व उसका भाई रामलखन जख्मी हो गये। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, लहरपुर के ग्राम आदेशनगर निवासी साबिर अली का अपने सगे भाई नादिर से इंदिरा आवास के निर्माण को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान नादिर ने अपने पुत्र रफी व अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर धारदार हथियारों से साबिर व उसके परिवार पर हमला कर दिया। इसमें साबिर, उसके पुत्र सोहेल (12) व शोहेब (7) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पीड़ित द्वारा पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।