सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके के हाजीपुर गांव में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। उसका शव रविवार को घर के सामने छप्पर के नीचे पड़ा मिला। उसकी एक आंख भी निकाल ली गई थी। पूरा चेहरा खून से सना हुआ था। शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान मिले हैं। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। सूचना पाकर इंस्पेक्टर विनय गौतम मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। समाचार लिखे जाने तक घर वालों ने रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई थी।
हाजीपुर निवासी राजरानी (80) रोजमर्रा की तरह शनिवार शाम अपने छोटे बेटे ताराचंद के घर से खाना खाने के बाद पुराने मकान में सोने चली गई। रविवार सुबह करीब छह बजे ताराचंद का दस वर्षीय बेटा रामजी अपनी दादी को पानी देने पुराने मकान में पहुंचा। यहां दादी को चारपाई के नीचे पड़ा देख वह भागकर घर आया और पिता को जानकारी दी। ताराचंद मौके पर पहुंचा तो राजरानी की मौत हो चुकी थी। उसका चेहरा खून से सना हुआ था। एक आंख भी निकाल ली गई थी, जिससे काफी गहरे जख्म हो गए थे। बकौल ताराचंद उसकी मां घर के बाहर छप्पर के नीचे सोई हुई थीं। सुबह वह मृत मिली। उसने बताया कि बाईं आंख किसी ने निकाल ली है। आंख की जगह पर गहरे जख्म के निशान हैं। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटों के निशान मिले हैं। उसने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। ताराचंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उसने गांव के ही एक व्यक्ति पर शक जताया है। घटना की खबर पाते ही इंस्पेक्टर विनय गौतम हमराही बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जांच कर परिवारीजनों से बातचीत की। पुलिस के मुताबिक अभी तक घर वालों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं
महिला की मौत फेफड़ों की बीमारी से हुई है। वृद्धा की आंख गायब होने के कारणों का पता अभी नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों से इसकी जांच कराई जाएगी।
हरदयाल सिंह, एएसपी उत्तरी