सीतापुर। महमूदाबाद कोतवाली इलाके में बीती रात चोर एक घर में दीवार फांदकर घुस गए। यहां से चोरों ने नकदी, जेवरात व कारतूस चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। उधर, सदरपुर थाना इलाके में चोरों ने दो घरों में धावा बोल दिया। यहां से नकदी, जेवरात, कपड़े व बर्तन समेत करीब एक लाख रुपये का माल उठा ले गए।
महमूदाबाद के ग्राम उस्मानपुर निवासी सुभाष सिंह नगर पालिका में ठेकेदारी करते हैं। सोमवार रात वे अपने परिवारीजनों के साथ घर के एक कमरे में सो रहे थे। रात में घर में घुसे चोरों ने एक कमरे ताला तोड़ 15 हजार रुपये, एक लाख कीमत के जेवरात, बंदूक का लाइसेंस व 15 कारतूस व कई कीमती कपड़े पार कर दिया। सुबह सुभाष उठे तो कमरे का ताला टूटा देख माजरा समझ गए। कमरे में रखा सारा सामान फैला हुआ था। उनके मुताबिक करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह चौहान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उधर, सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मझिगवां निवासी खलील अपने परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। रात में चोर घर में घुस गए। यहां से बदमाश जेवरात व पांच हजार रुपये समेत करीब पचास हजार रुपये का माल उड़ा ले गए। इसके बाद चोरों ने पड़ोसी शाहिद के घर में भी हाथ साफ कर दिया। चोर दो मोबाइल, जेवरात समेत करीब 25 हजार रुपये का माल चोरी कर ले गए। सूचना पुलिस को दे दी गई है।