सीतापुर। सीजेएम कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद नगर विधायक राधेश्याम जायसवाल ने मंगलवार को कोर्ट में आत्म समर्पण कर जमानत अर्जी पेश की। सीजेएम सीतापुर संजय वर्मा ने उन्हें जमानत पर रिहा किए जाने के आदेश दिया। 26 जुलाई 2001 में आंदोलन के दौरान ट्रेन रोककर प्रदर्शन करने के मामले में सीजेएम कोर्ट ने नगर विधायक समेत 96 सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।
सपा प्रदर्शन के दौरान 96 कार्यकर्ताओं ने सीतापुर से गुजरने वाली ट्रेन को रोका था। सभी को शांति भंग की आशंका के तहत गिरफ्तार करने के बाद रेलवे की ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पर सभी पेशी पर नहीं आ रहे थे। 96 नेताओं के खिलाफ सीजेएम कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। राधेश्याम जायसवाल के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव, दिनेश सिंह मौर्य व आदित्य ने मंगलवार को जमानत के लिए कोर्ट में अपना आवेदन दिया था।