सीतापुर। महोली कोतवाली इलाके में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। बताते हैं कि वह मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। उधर, मायके वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महोली कोतवाली इलाके के गंगापुर गांव निवासी कुसुमा (30) पत्नी वीरेंद्र की बुधवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने से मौत हो गई। कुसुमा के ससुराल वालों का कहना है कि वह काफी समय से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। उसका लखनऊ के बलरामपुर हॉस्पिटल में इलाज भी चल रहा था। बुधवार को उसने गांव के बाहर पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। खबर मृतका के पिता लखीमपुर खीरी जिले के मितौली थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव निवासी रामचंदर को भी दे दी गई है। मायके वाले हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।