महमूदाबाद (सीतापुर)। कस्बे के नई बाजार मोहल्ले में बुधवार को खाना बनाते समय एक छोटा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे उसकी चपेट में आने से खाना बना रही महिला व उसका बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को गंभीर हालत में महमूदाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से चिकित्सकों ने दोनों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।
महमूदाबाद कस्बे में चिरंजीवलाल स्वर्णकार की पत्नी लक्ष्मी देवी बुधवार की सुबह गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान छोटा गैस सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। जिससे खाना बना रहीं लक्ष्मी देवी व चिंरजीवलाल का तीस वर्षीय बेटा दीपू सोनी उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले में हलचल मच गई। लोग दौड़ कर चिरंजीव लाल के यहां पहुंचे। घटना में झुलसी लक्ष्मी देवी व उनके बेटे को फौरन महमूदाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक उमेश चंद्रा ने दोनों लोग लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सक के मुताबिक लक्ष्मी देवी करीब 98 फीसद व उनका बेटा लगभग साठ फीसद झुलस गया। दोनों की हालत चिंता जनक बनी हुई थी। जिसके कारण दोनों को लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।