रामकोट (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में पिरई पुल के नीचे नदी में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। शरीर पर चोटाें के निशान भी मिले हैं, जिससे माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद उसके शव को यहां फेंका गया होगा। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने पिरई नदी के पुल के नीचे एक शव पड़ा देखा। जानकारी होने पर सब इंस्पेक्टर हमराही बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसआई ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। चोटों के निशान भी दिख रहे थे। उसकी उम्र करीब पच्चीस साल आंकी जा रही है। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। माना जा रहा है कि युवक की हत्या के बाद लाश को यहां फेंक दिया गया होगा। नवीन चौक के पुलिस चौकी प्रभारी नूरुल हुदा खान ने बताया कि शव से बुरी तरह दुर्गंध आ रही था, जिससे प्रतीत होता है कि शव कई दिन पुराना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। शव की पहचान कराए जाने का प्रयास चल रहा है।