हरगांव (सीतापुर)। स्कूल परिसर में कंडे पाथने व मवेशी बांधने से मना करने पर गुरुवार को स्कूल प्रबंधक पर गांव के ही पिता-पुत्र ने हमला कर दिया। दोनों ने प्रबंधक की लात-घूसों से पिटाई की। स्कूल के बच्चों ने जब विरोध किया तो दोनों भाग निकले। पीड़ित ने थाने में सूचना दी।
हरगांव क्षेत्र के रीछिन गांव स्थित जनता माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक व गांव निवासी दानिश अली ने बताया कि स्कूल के परिसर में गांव के ही सुरेश के घर के लोग कंडे पाथते हैं। परिसर में जानवर भी बांध देते हैं। गुरुवार को जब उन्होंने विरोध किया तो सुरेश ने अपने बेटे रामेंद्र के साथ उसकी लात घूसों से पिटाई कर दी। जब स्कूल के बच्चों ने विरोध किया तो हमलावर पिता-पुत्र भाग निकले। इसके बाद उसने थाने पहुंच कर सूचना दी। इस बारे में एसओ एके शाही का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।