सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवारीजन जहां मौत की वजह बीमारी बता रहे हैं। वहीं उसके पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाली इलाके के घूरामऊ बंगला निवासी नंदिनी (22) पत्नी विजय कुमार की शनिवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल वालों का कहना है कि नंदिनी बीमार चल रही थी। जिसके कारण उसकी मौत हो गई, जबकि खबर पाकर पहुंचे मृतका के पिता जगदीश ने आशंका जताई है कि उसकी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। उसने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
खाना बनाते समय विवाहिता झुलसी
सीतापुर। तालगांव इलाके में शनिवार को खाना बनाते समय एक विवाहिता बुरी तरह झुलस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।
तालगांव इलाके के मिरकिल्लीपुर गांव निवासी मंजू देवी (30) पत्नी प्रेम कुमार शनिवार को खाना बना रही थी। इसी बीच अचानक चूल्हे से उसके कपड़ों में आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। विवाहिता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। खबर पाकर मंजू की मां भी पहुंच गई थी, लेकिन मायके वालों की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आरोप नहीं लगाया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।