महमूदाबाद (सीतापुर)। सदरपुर थाना क्षेत्र के बिलौली नानकारी चौराहे के निकट रविवार रात हथियार बंद बदमाशों ने दुकानदारों को बंधक बना लिया। इसके बाद दुकानदारों की जमकर पिटाई की और उनके पास से 15 सौ रुपये व मोबाइल आदि लूट लिया। हमले में जख्मी दुकानदारों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।
सदरपुर इलाके के बिलौली नानकारी चौराहा स्थित गोपालदास मंदिर के इर्द-गिर्द चाय, मोबाइल आदि की कई दुकानें हैं। बताते हैं कि यहां दुकान चलाने वाले कुछ लोग रात को पड़ोस में ही गया बाबा की दुकान में ठहरते हैं। रविवार रात को बदमाशों ने यहां धावा बोल दिया। हथियार बंद बदमाशों ने दुकानदारों को घेरकर बंधक बना लिया। इस बीच दुकानदार उमेश ने विरोध किया तो बदमाशों ने हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने क्षेत्र के बेहटा के ही निवासी उमेश से 1500 रुपये लूट लिए।
कई अन्य दुकानदारों का मोबाइल व अन्य सामान भी उठा ले गए। मारपीट में घायल लोगाें को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उमेश ने तहरीर दे दी है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।