महमूदाबाद (सीतापुर)। जिले के चर्चित अनाज घोटाले को लेकर गुरुवार को सीबीआई टीम ने पहला स्थित खाद्यान्न गोदाम पर पहुंच कर तत्कालीन, कोटेदारों व ग्राम प्रधानों से पूछताछ की। इस दौरान टीम ने इन लोगों से निशानी अंगूठा व हस्ताक्षर भी लिए।
जानकारी हो कि जिले में वर्ष 2004-05 में हुए करोड़ों के सरकारी अनाज घोटाले को लेकर सीबीआई टीम जिले में अर्से से जांच कर रही है। इसी सिलसिले में सीबीआई की एक टीम महमूदाबाद इलाके के पहला स्थित उत्तर प्रदेश राज्य खाद्य आवश्यक वस्तु निगम के गोदाम पहुंची। टीम ने यहां पहले से ही बुलाए गए करीब 28 तत्कालीन कोटेदारों व ग्राम प्रधानों से पूछताछ की। टीम ने इन लोगों के बयान भी लिए। साथ ही 30-30 स्थानों पर हस्ताक्षर व निशानी अंगूठा भी लिए। जांच के लिए क्षेत्र के गुलरामऊ, लैलकला, बघाईन, माल सरांय, भुसना, बनिगवां, इनायतपुर, सरैंया चलाकापुर, पचदेवरा, उस्मानपुर, मदारीपुर आदि गांवों के तत्कालीन कोटेदारों व ग्राम प्रधानों को बुलाया गया था।