बसखारी। स्थानीय किछौछा दरगाह में दर्शन के लिए परिवार के साथ आई एक किशोरी की वाहन से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक बिहार के दरभंगा लालबाग पानी की टंकी क्षेत्र निवासी मोहम्मद शमीम खंा अपने परिजनों के साथ जियारत के लिए किछौछा आए हुए हैं। शनिवार को उनकी पुत्री कुमारी निशा 12 वर्ष बिहार से ही आई एक अन्य किशोरी मेहनाज के साथ किछौछा दरगाह के पूर्वी बाइपास पर सड़क पार कर रही थी। इसी बीच एक स्कूल वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस पर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। आननफानन में दोनों को बसखारी सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने निशा को मृत घोषित कर दिया, जबकि मेहनाज की हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया। उधर सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने भिटौरा उत्तरी निवासी चालक मोहम्मद मुश्ताक को गिरफ्तार कर लिया है।