महमूदाबाद (सीतापुर)। सरैंया व संसारपुर के बीच शारदा सहायक नहर में सोमवार को ग्रामीणों ने स्कूल ड्रेस पहले एक किशोर का शव पड़ा देखा। पुलिस जांच में उसकी पहचान लखीमपुर के एक छात्र के रूप में की गई है।
सदरपुर इलाके के सरैंया व संसारपुर गांव के बीच शारदा सहायक नहर में सोमवार की सुबह एक किशोर का शव ग्रामीणों ने पड़ा देखा। पुलिस ने किशोर के शव को बाहर निकलवाया। वह एक स्कूल की ड्रेस पहने हुए था। उस पर सावित्री देवी इंटर कॉलेज,लखीमपुर लिखा हुआ था। इस पर पुलिस ने लखीमपुर पुलिस को सूचना दी। जांच पड़ताल के बाद शव की पहचान लखीमपुर कोतवाली के उमरिया गांव निवासी बुद्धिसागर के 16 वर्षीय बेटे विवेक तिवारी के रूप में की गई है। पुलिस को मृतक के परिवारीजनों ने बताया कि विवेक 26 मार्च को स्कूल के लिए घर से निकला था। जिसके बाद वह लौट कर नहीं आया। उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच लखीमपुर पुलिस से सूचना मिली कि किशोर की लाश सीतापुर के सदरपुर इलाके में नहर से मिली है। जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान की विवेक के रूप में की। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।