पिसावां (सीतापुर)। महोली क्षेत्र के कचूरा गांव से नैमिषारण्य जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली के शुक्रवार दोपहर नेरी मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई जब कि 30 लोग घायल हो गए। ये सभी लोग मुंडन संस्कार के लिए नैमिषारण्य जा रहे थे। ट्रैक्टर ट्रॉली में लगभग 45 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर तमाम लोग एकत्र हो गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने नागरिकों की मदद से घायलों में कुछ को जिला अस्पताल भेजा जबकि अन्य लोगों को पिसावां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार महोली
कोतवाली क्षेत्र के कचूरा गांव निवासी दीपू मिश्रा अपनी तीन साल की बेटी रौनक का मुंडन कराने के लिए परिवारी जनों व रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से नैमिषारण्य जा रहे थे। इसमें महिलाओं, बच्चों और पुरुषों सहित लगभग 45 लोग सवार थे। दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे जब पिसावां कस्बे के निकट नेरी रोड पर बाबूराम हायर सेकेंड्री स्कूल के पास ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली पर सवार तीस लोग घायल हो गए। इनमें 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जाती है।
हादसे के बाद तमाम लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। अन्य लोगों को पिसावां के सरकारी अस्पताल में भर्ती गया है। गंभीर रूप से अस्पताल ले जाए लोगों में चिकित्सकों ने कचूरा निवासी अंकित (20) पुत्र अशोक व शुभम् (18)
पुत्र उमाशंकर को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा शोभित सिंह, सुभाषिनी, नरेश, सुधा, उमाशंकर, रोहित, छोटे, रेखा, सुमन देवी, उर्मिला, कमलेश, रुस्तम व रागिनी को जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इसके अलावा शिल्पी, अंकित, बातू, उत्तम, वासिनी, चीना, सुखरानी, संतोषी, करुनेश आदि का पिसावां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।