हरगांव/रेउसा (सीतापुर)। इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में कुसुमा गांव के निकट मंगलवार को दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति समेत तीन लोग जख्मी हो गए। वहीं रेउसा में बस से उतरते समय जख्मी हुए एक युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में कुसुमा गांव के निकट मंगलवार को दो बाइकों में सामने से जोरदार भिड़ंत हो गईं। हादसे में एक बाइक पर सवार महोली कोतवाली इलाके के प्रीतमपुर गांव निवासी चंद्रकली (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंद्रकली का पति हरीशचंद्र व हरगांव इलाके के परसड़ा शरीफपुर गांव निवासी दूसरी बाइक सवार धर्मेंद्र कुमार (22) पुत्र महादेवी मौर्य व रंजीत (21) पुत्र राम नरेश गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को फौरन हरगांव के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई। इसके अलावा रेउसा इलाके के चमारनपुरवा मजरा भदमरा निवासी नरेंद्र (22) मंगलवार को बिसवां कस्बे से खरीददारी कर रेउसा जा रहा था। तंबौर मार्ग पर रेउसा इलाके के हसनगंज के पास नरेंद्र बस रुकवा कर उतरने लगा। उसके उतरने से पहले ही बस चल पड़ी, जिससे नरेंद्र गिर गया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे रेउसा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
....
नरेंद्र की कल थी शादी
नरेंद्र की गुरुवार को शादी थी। इससे पहले ही वह इस दुनिया से चल बसा। बताते हैं कि नरेंद्र के माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसकी शादी तय हुई थी। 15 मई को ही बारात जानी थी। वह बारात की तैयारियों में जुटा था। माता-पिता न होने से सारा बोझ उसी पर था। मंगलवार को वह शादी के लिए खरीददारी करने बिसवां गया था। वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया।