सीतापुर। ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन की ‘स्व. अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा’ रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। स्टडी वेल पब्लिक स्कूल में 146 विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति परीक्षा दी। परीक्षा देने आए स्टूडेंट्स का उत्साह देखने लायक था। यह छात्रवृत्ति परीक्षा स्टूडेंट्स के भविष्य की राह आसान करेगी। जिनका सेलेक्शन होगा, उन्हें आगे की पढ़ाई करने में मदद मिलेगी।
परीक्षा के लिए शहर के स्टडी वेल पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां सीटिंग प्लान पहले से ही चस्पा कर दिया गया था। छात्रवृत्ति परीक्षा देने के लिए हाईस्कूल (कक्षा 9, 10), इंटरमीडिएट (कक्षा 11, 12) और ग्रेजुएशन के विद्यार्थी सुबह 10 बजे ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए। परीक्षार्थियों में गजब का उत्साह दिख रहा था। कई विद्यार्थी ऐसे थे, जो पहली बार किसी छात्रवृत्ति परीक्षा में शामिल हो रहे थे। विद्यालय के मुख्य गेट पर शिक्षकों की एक टुकड़ी ने विद्यार्थियों को स्कूल में प्रवेेश करते समय प्रवेश पत्र जांचे। प्रवेश पत्र देखकर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रवेश दिया। सुबह 11 बजे प्रश्न पत्र शुरू हो गया। एक घंटा 15 मिनट के पेपर में बहु-विकल्पीय प्रश्न 60 अंक के और टिप्पणी वाले प्रश्न 15 अंक के थे। छात्रवृत्ति परीक्षा देने आए स्टूडेंट्स का कहना था, कि ‘अमर उजाला’ ने मेधावियों को बेहतर प्लेटफार्म मुहैय्या कराने की अच्छी पहल की है। यह पहल काबिले तारीफ है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्र के बाहर पुलिस भी तैनात रही।