अटरिया (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक टाटा मैजिक की टक्कर से बालक की मौत हो गई। घर के बाहर खेलते समय वह हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेने के साथ चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्राम बरियारपुर निवासी नरेंद्र कुमार का पुत्र प्रियांशु (2) शनिवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार टाटा मैजिक उधर से गुजर पड़ी। मैजिक ने बालक को टक्कर मार दी। इससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के सदस्य उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि इसी बीच बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने घेराबंदी करके मैजिक चालक को वाहन समेत दबोच लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।