Sitapur: युवती को गोली मारने वाले आरोपी का खेत में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ होश उड़ाने वाला खुलासा
अमर उजाला नेटवर्क, सीतापुर
Published by: Bhupendra Singh
Updated Fri, 29 May 2026 08:47 PM IST
सार
सीतापुर में युवती को गोली मारने वाले आरोपी का शव खेत में पड़ा मिला। पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण का खुलासा हुआ। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के सीतापुर में कमलापुर थाना इलाके में युवती को गोली मारने वाले आरोपी का शव बुधवार देर शाम खैराबाद के नरायनपुर गांव में गन्ने के खेत में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शॉक से मौत होना निकलकर सामने आया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
ज्ञात हो कि 24 मई की रात दरियापुर गांव के बाहर अपनी बुआ के यहां आई युवती को एक युवक ने गोली मार दी थी। गोली मारने का आरोप मानपुर के अख्तरपुर कटिया गांव निवासी अंबुज कुमार भार्गव पर था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। 27 मई की देर शाम अंबुज का शव खेत में मिला।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि चिकित्सकों की निगरानी में हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में शॉक से मौत होने की बात सामने आई है।
साथी को कोर्ट में पेश किया जा चुका है
ऐसी आशंका है पुलिस से बचने के लिए वह काफी दिन से गन्ने के खेतों में छिपा रहा। अधिक गर्मी के कारण हीट शॉक से उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष इतुल चौधरी ने बताया कि युवती की हालत फिलहाल सामान्य है। अंबुज के साथी किशोर को गिरफ्तार करके उसे कोर्ट में पेश किया जा चुका है।