सोनभद्र। विधानसभा एवं तहसील मुख्यालय घोरावल को जल्द ही फायर स्टेशन की सौगात मिलने वाली है। इसके लिए स्थल चयन का काम पूरा कर लिया गया है। फायर स्टेशन का भवन किस रूप में होना चाहिए, यहां के लिए क्या-क्या बेसिक जरूरतें हैं। इलाके की भौगोलिक स्थिति के हिसाब से किस तरह के इंतजाम होने चाहिए। इसकी एक रिपोर्ट भी शासन को भेज दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस प्रस्ताव पर अमल शुरू हो जाएगा।
घोरावल में लंबे समय से फायर स्टेशन की जरूरत समझी जा रही है। इस इलाके की भौगोलिक परिस्थितियां ऐसी हैं कि आग लगने की सूचना पर जब तक दमकल दस्ता पहुंचता है, तब तक सब कुछ राख में तब्दील हो चुका होता है। जिला अगिभनशमन अधिकारी आर.के राय ने बताया कि इसको देखते हुए यहां विभाग के स्तर से फायर स्टेशन स्थापित करने को लेकर लंबे समय से प्रयास जारी था। एक वर्ष पूर्व इसके लिए अनुमति भी मिल गई। माह भर पूर्व घोरावल से सटे देवरी गांव में इसके लिए जमीन के चयन का भी काम पूरा कर लिया गया। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण और अन्य जरूरतों की पूर्ति को लेकर अपनी ओर से एक प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। अब वहां से इसको लेकर जरूरी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उम्मीद जताई कि लोकसभा चुनाव बाद इसको लेकर शासन स्तर से भी पहल शुरू हो जाएगी।